कुशीनगर,कलेक्ट्रेट परिसर में में मनाया गया गणतंत्र दिवस, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने फहराया राष्ट्रीय तिरंगा।

एडिटर इन चीफ शक्ति कुमार ✍️
संविधान के मूल्यों के अनुरूप अधिकारों एवं कर्तव्यों के निर्वहन का किया गया आह्वान।
वृक्षारोपण एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित।

जनपद कुशीनगर !में गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। तत्पश्चात राष्ट्रीय गान हुआ तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति शपथ दिलाई गई।
ध्वजारोहण के पश्चात जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनपदवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। यह दिन हमें हमारे संविधान की गौरवशाली परंपरा, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे विस्तृत एवं सशक्त संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान ने हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धर्म की स्वतंत्रता, शिक्षा का अधिकार और कानून के समक्ष समानता जैसे मौलिक अधिकार दिए हैं, वहीं नागरिकों को राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का भी बोध कराया है।
जिलाधिकारी श्री तंवर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग और जिम्मेदार हो। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा शासन की योजनाओं को पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ क्रियान्वित करें, ताकि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार का दायित्व नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है। हमें संविधान के मूल्यों—समानता, बंधुत्व एवं धर्मनिरपेक्षता—को अपने जीवन में आत्मसात करना होगा।
उन्होंने अंत में कहा कि आइए, हम सभी गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर यह संकल्प लें कि संविधान की मर्यादा का सम्मान करेंगे, अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे और एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया जिलाधिकारी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेम कुमार राय, उप जिलाधिकारी मु0 जफर, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति का उत्साह एवं उल्लास का वातावरण व्याप्त रहा।




