गोपालगंज,विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग पहुंचा बलथरी चेक पोस्ट पर,आस्था का उमड़ा जनसैलाब हजारों लोगों ने किया पूजा अर्चना।

एडिटर इन चीफ शक्ति कुमार ✍️
गोपालगंज। विश्व का सबसे विशाल शिवलिंग शनिवार भोर करीब तीन बजे उत्तर प्रदेश सीमा के बहादुरपुर फोरलेन से बिहार में प्रवेश कर गया। जैसे ही शिवलिंग से लदा विशेष ट्रक बलथरी चेकपोस्ट पर पहुंचा, दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवलिंग के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। बताया जा रहा है कि यह शिवलिंग 33 फीट ऊंचा तथा लगभग 210 मीट्रिक टन वजनी है। ग्रेनाइट पत्थर से निर्मित यह शिवलिंग तामिलनाडु के महाबलीपुरम से तैयार किया गया है।
करीब 1635 किलोमीटर की लंबी यात्रा तय करते हुए यह शिवलिंग आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचा, जहां से शनिवार को बिहार में प्रवेश कराया गया।
इंजीनियरिंग कौशल का अद्भुत उदाहरण माने जा रहे इस विशाल शिवलिंग के सुरक्षित परिवहन के लिए 96 चक्कों वाले विशेष ट्रक का उपयोग किया गया है।
इसे बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया स्थित विराट रामायण मंदिर परिसर में स्थापित किया जाना है। विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग के बिहार पहुंचने की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश सीमा से सटे गांवों के लोग भी अपने निजी साधनों से बलथरी चेकपोस्ट पहुंचे और दर्शन किए। इस दौरान मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।




